उस दिन अचानक "टाइम्स ऑफ़ भक्ति" में छपे इस विज्ञापन पर नज़र पड़ गयी जिसे साझा करने का लोभ संवर न पाया और इसीलिए यहाँ मितरों की सुविधा के लिए विज्ञापन ज्यों का त्यों (माइनस लेआउट) रिप्रोड्यूस कर रहा हूँ। हेडलाइन : पीएम भक्ति पुरस्कार योजना के लिए प्रविशितियाँ आमंत्रित बॉडी : मुस्कुराते पीएम की तस्वीर मितरो, भक्तों के लिए भक्तों की और भक्तों द्वारा सरकार ने भक्तों के लिए निम्नलिखित श्रेणियों में पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियाँ आमंत्रित की हैं: भक्त, सुपर भक्त, सुपर-डुपर भक्त, भक्तों का भक्त, सबसे बड़ा भक्त, इंटरनेशनल भक्त, भक्तश्री, भक्त भूषण और भक्त रत्न! चूंकि हम वसुधैव कुटुम्बकम के विचार में विश्वास करते हैं इसलिए इस पुरस्कार के लिए देश ही नहीं दुनिया के किसी कोने से कोई भी प्रविष्टि भेज सकता है। बस हाँ/नहीं में जवाब दिए जाने वाले निम्नलिखित चार सवालों के जवाब अपने आप से पूछिए। यदि सभी यानी चारों सवालों के आपके जवाब हाँ में हैं तो आप आवेदन कर सकते हैं। आगे बढ़ने से पहले पेश हैं सवाल: 1. क्या आप वर्तमान पीएम को विश्व का महानतम और सर्वकालिक श्रेष्ठ पीएम मानते हैं?...