Skip to main content

फ्रॉम द मेकर्स ऑफ ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाईजी ‘लॉकडाऊन‘ कम्स ‘जीना-मरना कोरोना संग‘



-कोरोना वायरस से बच गये पत्रकारों का इस वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में स्वागत करते हुए बता दूं कि हमारी लॉकडाऊन फ्रेंचाइजी सफल रही है, क्या कहा? प्रमाण? अजी, आपका जीवित होना और इस पीसी में हिस्सा लेना ही इसका प्रमाण है, अब हम अनलॉक फ्रेंचाइजी ला रहे हैं। आपको जो पूछना है, पूछिए:
-लॉकडाऊन शुरू करने से पहले कितने मामले थे?
-एक्ज़ेक्ट फिगर तो मुझे याद नहीं, पर दो सौ से तीन सौ के बीच होंगे।
-आज कितने हैं?
-एक्ज़ेक्ट फिगर मुझे देखना पड़ेगा पर यही कोई दो लाख होंगे। मैं जानता हूं, आप बड़े बदमाश हैं। लॉकडाऊन को फ्लॉप साबित करना चाहते हैं पर याद रखिये, हम लॉकडाऊन नहीं लाते न, तो यह फिगर बीस लाख या उससे भी ज्यादा होता।
-बीस लाख का अनुमान महामारी विशेषज्ञों से आया होगा?
-नहीं, हमारे खेल मंत्रालय के कुछ आंकड़ा विशेषज्ञों ने दिया।
-कोरोना को लेकर अपनी स्ट्रेटेजी के बारे में बताएंगे।
-ज़रूर। देखिए कोरोना का पहला लेटर ‘सी‘ है तो हमने 'सी' को पकड़ लिया और कोरोना को कन्फ्यूज करने की रणनीति बनाई। मजे की बात ये रही कि हम सफल भी हुए।
-कैसे?
-हमने 14 घंटे का जनता कर्फ्यू लगाया, अब किसी भी सतह पर कोरोना वायरस 12 घंटे जीवित रह सकता है तो 14 घंटे में उसे छुहारे की मौत मर जाना चाहिए था पर वह थोड़ा ढीठ निकला। हमने थाली, ताली बजवाई। बत्तियां बुझा कर मोमबत्ती, मोबाइल टॉर्च की रौशनी से कोरोना को अंधा करने की कोशिश की। इस सबका फायदा भी हुआ।
-क्या?
-फायदा  ये हुआ कि कोरोना कन्फ्यूज्ड हो गया। हमारा मिशन पूरा हो गया। उसके बाद हमने 'सी' से शुरू होने वाले दूसरे शब्द 'कम्यूनल' का सहारा लिया और कोरोना को कम्यूनलाइज करना शुरू किया। इसमें आपकी बिरादरी ने भी हमारा साथ दिया।
-उससे क्या हुआ? कोरोना की मॉब लिंचिंग तो न कर पाई पब्लिक!
-कैसी बात कर रहे हैं आप? हम ‘मॉब लिंचिंग‘ या हिंसा में कतई विश्वास नहीं करते। हमारी संस्कृति में ही नहीं है जी। हमारा मकसद कोरोना को डराना था औैर इसमें मैं समझता हूं हम किसी हद तक सफल रहे क्योंकि कोरोना ने डरकर इतना तो सोचा होगा न कि यार, यहां तो मुझसे भी खतरनाक वायरस पहले से मौजूद हैं। यहां मेरा कोई काम नहीं।
-पर वह गया तो नहीं।
-इसीलिए तो ‘सी‘ से शुरू होने वाले तीसरे शब्द 'करप्शन' पर फोकस किया हमने। प्राइवेट लैब में टेस्टिंग की लूट हो या खिलौना वेंटीलेटर या पीपीई किट, हमने करप्शन की पूरी छूट दे दी। 
-अब आप हमें  कन्फ्यूज करने लगे। करप्शन से कोरोना कैसे खत्म होता?
-ऐसा है कि मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं हमारी स्ट्रेटेजी कोरोना को मारना नहीं थी उसे कन्फ्यूज कर, डराकर खुद ही भागने पर मजबूर करना था।
-ओके। अच्छा,  ये बताइये, श्रमिकों का क्या मामला है? श्रमिकों के हालात को लेकर सोशल मीडिया में देशद्रोहियों ने बवाल काटा हुआ है। हमारा भी 'लाभार्थी' मीडिया कहकर मज़ाक उड़ाते हैं।
-आप किसी पर ध्यान ही न दें, जैसा हम कर रहे हैं। जहां तक श्रमिकों का मामला है, इन्होंने तो हमारी भी नाक में दम कर रखा है। जब हमने कहा, घर में रहो, तो सड़कों पर निकल पड़े। हमने कोरंटाईन सेंटरों में डाला तो खाना मांगने लगे।  फिर गांव जाने की डिमांड करने लगे। ट्रेन शुरू की तो मुफ्त यात्रा की मांग करने लगे। खैर, कहां जाएंगे बच्चू, अब अनलॉक कर दिया हमने, काम चाहिए तो वापस  शहरों में आना पड़ेगा।
-अनलॉक से याद आया, क्या कोरोना का डर खत्म हो गया?
-पूरी तरह खत्म नहीं हुआ पर हमें एकानॉमी के बारे में भी तो सोचना है। कोरोना जैसे वायरस तो आते-जाते रहते हैं, अर्थव्यवस्था की लुटिया डूब गई तो कहां जाएंगे? इसलिए हमने 130 करोड़ लोगों को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान शुरू किया है और उन्हें यह भी समझा रहे हैं कि कोरोना के संग जीने की आदत डाल लो। वैसे भी आप लोग सरकार के भरोसे कब तक रहोगे? तो ठीक है? मेरे फेवरेट सीरियल 'वागले की दुनिया' का समय हो गया है। वर्चुअल पीसी समाप्त करें?
#दिमाग का दही महेश/राजपूत

Comments

Popular posts from this blog

प्रेमचंद का साहित्य और सिनेमा

-गुलजार हुसैन प्रेमचंद का साहित्य और सिनेमा के विषय पर सोचते हुए मुझे वर्तमान फिल्म इंडस्ट्री के साहित्यिक रुझान और इससे जुड़ी उथल-पुथल को समझने की जरूरत अधिक महसूस होती है। यह किसी से छुपा नहीं है कि पूंजीवादी ताकतों का बहुत प्रभाव हिंदी सहित अन्य भाषाओं की फिल्मों पर है।...और मेरा तो यह मानना है की प्रेमचंदकालीन सिनेमा के दौर की तुलना में यह दौर अधिक भयावह है , लेकिन इसके बावजूद साहित्यिक कृतियों पर आधारित अच्छी फिल्में अब भी बन रही हैं।  साहित्यिक कृतियों पर हिंदी भाषा में या फिर इससे इतर अन्य भारतीय भाषाओं में अच्छी फिल्में बन रही हैं , यह एक अलग विषय है लेकिन इतना तो तय है गंभीर साहित्यिक लेखन के लिए अब भी फिल्मी राहों में उतने ही कांटे बिछे हैं , जितने प्रेमचंद युग में थे। हां , स्थितियां बदली हैं और इतनी तो बदल ही गई हैं कि नई पीढ़ी अब स्थितियों को बखूबी समझने का प्रयास कर सके। प्रेमचंद जो उन दिनों देख पा रहे थे वही ' सच ' अब नई पीढ़ी खुली आंखों से देख पा रही है। तो मेरा मानना है कि साहित्यिक कृतियों या साहित्यकारों के योगदान की उपेक्षा हिंदी सिनेम...

नरक में मोहलत (कहानी)

  -प्रणव प्रियदर्शी घर से निकलते समय ही अनिता ने कहा था, ‘बात अगर सिर्फ हम दोनों की होती तो चिंता नहीं थी। एक शाम खाकर भी काम चल जाता। लेकिन अब तो यह भी है। इसके लिए तो सोचना ही पड़ेगा।’ उसका इशारा उस बच्ची की ओर था जिसे अभी आठ महीने भी पूरे नहीं हुए हैं। वह घुटनों के बल चलते, मुस्कुराते, न समझ में आने लायक कुछ शब्द बोलते उसी की ओर बढ़ी चली आ रही थी। अनिता के स्वर में झलकती चिंता को एक तरफ करके अशोक ने बच्ची को उठा लिया और उसका मुंह चूमते हुए पत्नी अनिता से कहा, ‘बात तुम्हारी सही है। अब इसकी खुशी से ज्यादा बड़ा तो नहीं हो सकता न अपना ईगो। फिक्कर नॉट। इस्तीफा वगैरह कुछ नहीं होगा। जो भी रास्ता निकलेगा, उसे मंजूर कर लूंगा, ऐसा भी क्या है।’ बच्ची को गोद से उतार, पत्नी के गाल थपथपाता हुआ वह दरवाजे से निकल पड़ा ऑफिस के लिए। इरादा बिल्कुल वही था जैसा उसने अनिता से कहा था। लेकिन अपने मिजाज का क्या करे। एक बार जब दिमाग भन्ना जाता है तो कुछ आगा-पीछा सोचने के काबिल कहां रहने देता है उसे।  मामला दरअसल वेतन वृद्धि का था। अखबार का मुंबई संस्करण शुरू करते हुए सीएमडी साहब ने, जो इस ग्रुप के म...

कंटीली तारों से घायल खबर : कश्मीर की सूचनाबंदी - 2

(एनडब्ल्यूएमआई-एफएससी रिपोर्ट) गिरफ्तारियां, धमकियाँ और जांच त्राल से इरफ़ान मलिक पहले पत्रकार थे जिन्हें 5 अगस्त की बंदी के बाद हिरासत में लिया गया। यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें आखिर क्यों हिरासत में लिया गया। एक और पत्रकार क़ाज़ी शिबली को अनंतनाग से बंदी से पहले ही हिरासत में लिया गया था, संभवत: सैन्य बलों की   तैनाती के बारे में ट्वीट करने के कारण। पत्रकारों से पुलिस और जांच अधिकारियों ने कुछ संवेदनशील ख़बरों को लेकर पूछताछ की है और उन पर अपने स्रोत बताने का दबाव भी डाला गया है। कुछ प्रमुख अखबारों के संपादकों को भी दबी जुबां धमकी दी गयी है कि उनसे जांच अधिकारी पूछताछ कर सकते हैं। दबाव की नीतियां अपनाने का एक और उदाहरण वरिष्ठ   अंतर्राष्ट्रीय और   प्रतिष्ठित स्वतंत्र राष्ट्रीय मीडिया के साथ काम करने वाले पत्रकारों फ़याज़ बुखारी, एजाज़ हुसैन और नज़ीर मसूदी को प्रताड़ित करने के प्रयास में मौखिक रूप से सरकार की तरफ से दिया गया घर खाली करने को कहा गया है। स्तंभकार और लेखक गोहर गिलानी को 31 अगस्त को विदेश जाने से रोकना, कश्मीरी आवाजों को अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर पहुँचने ...